नर्सिंग में प्रवेश के लिए 2 नवंबर से आवेदन, 8 नवंबर तक चुन सकेंगे कॉलेज,आवेदन के साथ भरनी होगी कॉलेजों की पसंद… 

MD भारत न्यूज रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में वर्ष 2026 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 2 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थी 8 नवंबर की शाम 5 बजे तक आवेदन करने के साथ कॉलेजों की पसंद भर सकेंगे, उसे अंतिम रूप दे सकेंगे और शुल्क जमा कर सकेंगे। आवेदन के साथ ही कॉलेजों का चयन करना अनिवार्य होगा। इसके लिए अलग से अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।

चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की राज्य काउंसिलिंग समिति के अनुसार, यह प्रक्रिया बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाएगी। इच्छुक पात्र अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

 

 

इन पाठ्यक्रमों के लिए अनारक्षित और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों का आवेदन शुल्क 1,000 रुपए निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को 500 रुपए शुल्क देना होगा। आवेदन में संशोधन के लिए 500 रुपए का शुल्क निर्धारित है।

आवेदन, काउंसिलिंग और प्रवेश से संबंधित शेष सूचनाएं संचालनालय की वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों से काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश की जानकारी के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की वेबसाइट www.cgdme.in नियमित रूप से देखने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *